Tuesday, 23 June 2025, 10:16:00 PM. Agra, Uttar Pradesh
आगरा। बमरौली कटारा क्षेत्र के मदरा गांव में टोरंट पावर द्वारा ग्रुप मीटर लगाए जाने और नेटवर्क सुधार के दौरान उत्पन्न हुए विवाद को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने चक्का जाम की चेतावनी दी थी, लेकिन पुलिस आयुक्त की मध्यस्थता के बाद यह आंदोलन टल गया। यूनियन प्रतिनिधिमंडल की पुलिस आयुक्त से वार्ता सफल रही और निर्णय लिया गया कि इस मुद्दे पर 25 जून को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक की जाएगी।
भारतीय किसान यूनियन ने रमाडा क्रॉसिंग पर चक्का जाम की घोषणा की थी, जिसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया था। पुलिस आयुक्त का संदेश मिलने के बाद यूनियन का प्रतिनिधिमंडल उनके कार्यालय पहुंचा। पुलिस आयुक्त के आवास पर हुई वार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और किसान नेता शामिल हुए।
वार्ता में यह सहमति बनी कि मदरा गांव के निर्दोष ग्रामीणों को परेशान नहीं किया जाएगा। महिलाओं पर दर्ज मुकदमे हटाए जाएंगे और केवल वीडियो में स्पष्ट रूप से चिन्हित लोगों के विरुद्ध ही जमानती धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद आज फिर पुलिस आयुक्त कार्यालय में यूनियन नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और टोरंट पावर के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में बैठक हुई, जिसमें किसानों ने स्पष्ट रूप से मांग रखी कि:
- मदरा गांव में लगाए गए ग्रुप मीटर हटाए जाएं।
- बिजली चोरी से जुड़े केस और असेसमेंट रद्द किए जाएं।
- उखाड़े गए मीटर वापस लगाए जाएं।
- बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल की जाए।
टोरंट पावर के उपाध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि वार्ता सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई है और जिलाधिकारी के साथ जल्द ही अंतिम बैठक होगी। 25 जून को कलेक्ट्रेट में होने वाली इस बैठक में तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।
इस पूरे घटनाक्रम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने एहतियातन बमरौली कटारा से रमाडा क्रॉसिंग तक कई थानों की फोर्स, पीएसी, जेसीबी और हाइड्रा की तैनाती कर दी थी। लेकिन सफल वार्ता के बाद आंदोलन की आवश्यकता नहीं पड़ी और स्थिति नियंत्रण में रही।
बैठक में शामिल प्रमुख लोग:
- पुलिस आयुक्त आगरा
- अपर पुलिस आयुक्त रामबरन सिंह
- डीसीपी अली अब्बास
- यूनियन के राष्ट्रीय सचिव ओमपाल तालान
- प्रदेश अध्यक्ष राजपाल शर्मा
- मंडल अध्यक्ष रणवीर सिंह चाहर
- जिलाध्यक्ष राजवीर लवानियां
करीब 50 से अधिक किसान नेता इस वार्ता में उपस्थित रहे। प्रशासन और यूनियन दोनों पक्षों ने इस विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकालने की दिशा में कदम उठाने पर सहमति जताई है।