गुरुवार, 29 मई 2025, आगरा
पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की 38वीं पुण्यतिथि के अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। दीवानी चौराहा स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण, हवन और पुष्पांजलि अर्पित कर चौधरी साहब को याद किया गया।
किसानों-गरीबों के लिए समर्पित था जीवन
यह कार्यक्रम रालोद महानगर अध्यक्ष पं. दुर्गेश शुक्ला के संयोजन में आयोजित किया गया था। इसमें चौधरी साहब के अनुयायियों, रालोद पदाधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
विचार गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए पं. दुर्गेश शुक्ला ने चौधरी चरण सिंह को ‘ग्रामीण भारत की आत्मा’ बताया। रालोद के प्रदेश प्रवक्ता कप्तान सिंह चाहर ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने अपना पूरा जीवन किसान, मजदूर, गरीब और ग्रामीणों की सेवा में समर्पित कर दिया। उन्होंने चौधरी साहब को सच्चे अर्थों में किसान मसीहा बताया, जिन्होंने जमीन से जुड़ी राजनीति को एक नई दिशा दी।
नीतियों पर चलकर ही होगा किसान का उत्थान
रालोद के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेन्द्र बघेल और प्रदेश सचिव डॉ. रूपेश चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि चौधरी साहब की नीतियों और सिद्धांतों को अपनाकर ही किसान और मेहनतकश वर्ग के जीवन स्तर में सुधार लाया जा सकता है।
कार्यक्रम में मौजूद रहे कई कार्यकर्ता
हवन, पुष्पांजलि और विचार गोष्ठी में प्रदेश महासचिव महेश जाटव, पूर्व उपाध्यक्ष चौ. रामवीर सिंह, पूर्व सचिव चौ. जयपाल सिंह, सुरेंद्र रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. मालती चौधरी, युवा जिलाध्यक्ष मयंक खिरवार, पूर्व युवा जिलाध्यक्ष संजय फौजदार, किसान प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष बाबूलाल प्रधान, सचिव सत्यवीर रावत, सजीव शर्मा, हरी सिंह बघेल, रामजी लाल बघेल, मनोज बाल्मीकि, पुरुषोत्तम त्यागी, वीर फौजदार, अन्नू पहलवान, अवधेश चौधरी, लोकेन्द्र चौधरी, प्रमोद दीक्षित, ब्रजेश चौधरी जट, हिमांशु शर्मा, चौ. सुनील सिंह, माता प्रसाद धाकरे, राजा धनगर समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने चौधरी चरण सिंह के आदर्शों को याद किया।