May 30, 2025 | 11:59 AM. आगरा।
आगरा के ट्रांस यमुना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक बेहद जघन्य मामला सामने आया है, जहां एक सौतेले पिता पर अपनी 16 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए अपनी मां को आपबीती सुनाई, जिसके बाद मां ने तत्काल थाने में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी सौतेले पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी ट्रांस यमुना भानु प्रताप ने बताया कि पीड़िता की मां ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी पहली शादी करीब 20 साल पहले हुई थी। बीमारी के कारण उनके पहले पति का निधन हो गया था, और उनकी एक बेटी थी। पति की मौत के बाद उन्होंने दूसरी शादी कर ली, जिससे उन्हें एक बेटा भी हुआ।
लंबे समय से डरा-धमकाकर कर रहा था शारीरिक शोषण
मां ने पुलिस को बताया कि उनके दूसरे पति यानी पीड़िता के सौतेले पिता की बेटी पर बुरी नजर थी। जब मां घर पर नहीं होती थी, तो आरोपी जबरन बेटी के साथ गलत काम करता था। वह बेटी को लगातार जान से मारने की धमकी देता था, जिसके कारण बेटी लंबे समय तक चुपचाप यह सब सहती रही।
पीड़िता ने अपनी मां को बताया कि आरोपी ने उसके साथ कई बार जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता ने 28 मई को एक बार फिर आरोपी के जबरन दुष्कर्म के प्रयास का विरोध किया, तो उसने बेटी के साथ मारपीट की। इसी के बाद बेटी ने टूटकर अपनी मां को पूरी घटना बताई। उसने यह भी बताया कि पहले भी कई बार डरा-धमकाकर उसका यौन शोषण किया जा चुका था, और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी जाती थी। पुलिस ने गंभीरता से कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और उसे हिरासत में ले लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।