मैनपुरी, उत्तर प्रदेश: मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र के गांव भैंसरौली स्थित एक मैरिज होम में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शादी के लिए लड़की देखने आए एक सिरफिरे युवक ने युवती के सिर में गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे तो युवती खून से लथपथ मिली, जबकि आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। युवती को गंभीर हालत में सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
यह घटना रघुवीर सिंह की बेटी दीपिका (निवासी नगला राम सहाय) के साथ हुई। दीपिका के रिश्ते की बात एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव सगामई निवासी अमुख से चल रही थी। बुधवार शाम को रघुवीर सिंह अपने परिजनों के साथ दीपिका को लेकर भैंसरोली स्थित मैरिज होम पहुंचे थे। अमुख भी अपने मामा बालिस्टर सिंह और ममेरे भाई संतोष के साथ वहां आया था।
शादी की बात चल रही थी, तभी अमुख और दीपिका अलग कमरे में बात करने चले गए। बताया जा रहा है कि वहीं दीपिका ने अमुख से शादी करने से इनकार कर दिया। शादी से इनकार करने की बात पर अमुख आग बबूला हो गया और उसने अपने पास रखे तमंचे से दीपिका के सिर में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनते ही दोनों पक्षों के परिजन कमरे की ओर दौड़े। उन्होंने देखा कि दीपिका लहूलुहान होकर फर्श पर गिर गई थी। इस जघन्य वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अमुख तुरंत मौके से फरार हो गया। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।