May 30, 2025 | 01:00 AM. बिहार।
बिहार का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला डांसर एंबुलेंस की छत पर डांस करती दिख रही है। वीडियो में भोजपुरी गाना बज रहा है और लोग डांसर को पैसे देते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो बिहार में कहां का है, फिलहाल इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है।
बिहार में कब क्या हो जाए, कोई नहीं जानता। कभी भी कोई भी चीज वायरल हो जाती है। ताजा तरीन मामला एक वीडियो का है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में एक महिला डांसर एंबुलेंस की छत पर डांस कर रही है। एंबुलेंस को देखकर ऐसा लग रहा है कि वह सरकारी एंबुलेंस है। अब सोशल मीडिया पर इसके वायरल होने के बाद नेटिजंस तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं।
एंबुलेंस पर डांस देख हैरान हुए लोग
एंबुलेंस पर इस तरह का डांस देखकर लोगों ने शायद यह उम्मीद भी नहीं की होगी कि एंबुलेंस की छत पर इस तरीके का डांस हो सकता है। हालांकि, यह वीडियो बिहार में कहाँ का है, इसके बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। (TV9 डिजिटल इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।) इस वीडियो में स्पष्ट रूप से यह दिखाई दे रहा है कि भोजपुरी गाना बज रहा है और एक डांसर जबरदस्त तरीके से ठुमके लगा रही है।
‘जीवंत बिहार, सपना हो सरकार’ लिखी एंबुलेंस
साथ ही साथ कुछ लोग डांसर को पैसे भी दे रहे हैं। इतना ही नहीं, इस वायरल वीडियो में कुछ लोग एंबुलेंस के अंदर बैठे हुए भी दिख रहे हैं। इस एंबुलेंस के आगे के शीशे पर ‘जीवंत बिहार, सपना हो सरकार’ लिखा हुआ दिख रहा है। खास बात यह है कि डांसर के इस तरीके के डांस को बड़ी संख्या में लोग देख रहे हैं, लेकिन कोई डांसर की इस हरकत को रोकने की कोशिश नहीं कर रहा है, बल्कि मौके पर उपस्थित सभी लोग इस डांस का मजा ले रहे हैं। वीडियो में एंबुलेंस एक टेंट के नीचे खड़ी हुई दिखाई दे रही है, जिस पर महिला डांस कर रही है। विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस वायरल डांस वीडियो को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और नेटिजेंस भी कई तरह के कमेंट कर रहे हैं।